जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप के काफिले में शामिल फॉलो वाहन रविवार को जगदलपुर-कोंडागांव मार्ग पर भानपुरी के समीप सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसे में काफिले में शामिल सुरक्षा कर्मियों समेत कुल छह लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कोंडागांव की ओर जा रही एक एसयूवी पहले मंत्री के वाहन से टकराई और इसके बाद काफिले में शामिल सुरक्षा वाहन से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि फॉलो वाहन को काफी नुकसान पहुंचा।

हादसे में मंत्री के निजी सहायक, फॉलो वाहन के चालक और चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मियों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।